दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मुंबई-बंगलूरू सहित कई शहरों में दी दस्तक, जानिए कहां-कहां के लिए रेड अलर्ट जारी

नई दिल्ली:दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ और भागों, बंगलूरू सहित कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसके अलावा, पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ भागों में यह मानसून आगे बढ़ा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विभाग ने कहा कि अगले तीन दिनों में मानसून अरब सागर के बाकी हिस्सों, महाराष्ट्र और कर्नाटक के शेष इलाकों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, बंगाल की खाड़ी के और हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ेगा। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट भी जारी किया है।
ऐसी है मानसून की रफ्तार
इससे पहले आईएमडी ने बताया था कि मानसून रविवार को अरब सागर, कर्नाटक, पूरे गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और मिजोरम के कुछ हिस्सों, मणिपुर और नागालैंड के कुछ हिस्सों में पहुंच गया। मानसून की उत्तरी सीमा देवगढ़, बेलगावी, हावेरी, मांड्या, धर्मपुरी, चेन्नई, आइजोल, कोहिमा से होकर गुजरती है।
कब और कहां-कहां पहुंचने वाला है मानसून?
आईएमडी ने कहा था, ‘मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। ऐसे ही बंगलूरू सहित कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष इलाकों, पश्चिम-मध्य व उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में भी हालात मानसून के हिसाब से ही है। अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। महाराष्ट्र में तटीय कोंकण और मुंबई में पिछले दो दिनों से भारी प्री-मानसून बारिश हो रही है।’