एटीएस ने ठाणे से एक शख्स को दबोचा, पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को संवेदनशील जानकारी देने का आरोप

मुंबई: महाराष्ट्र पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता ने एक युवक को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह युवक ठाणे का रहने वाला है और मुंबई की एक अहम संस्था में काम करता था। उस पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान को संवेदनशील जानकारी भेजी है। मामले में आतंकवाद निरोधक दस्ते के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी को एक पाकिस्तानी एजेंट ने फेसबुक पर महिला बनकर दोस्ती की और उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसी बहाने वह युवक से जरूरी जानकारी हासिल करने लगा।
नवंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच भेजी गुप्त जानकारी
इस मामले के जांच के दौरान पता चला है कि यह युवक नवंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच व्हाट्सऐप के जरिए पाकिस्तान को एक महत्वपूर्ण संस्थान से जुड़ी गुप्त जानकारियां भेजता रहा। वहीं जब आतंकवाद निरोधक दस्ते को जब इसकी खबर मिली तो ठाणे यूनिट ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लिया। उसके साथ दो और लोगों को भी पूछताछ के लिए लाया गया था, लेकिन जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
मामले में सभी एंगल से जांच रही एटीएस
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उसे ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धारा 3 (जासूसी) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले की गहराई से जांच चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।