भाजपा का दावा- सौ दिन में सरकार ने बदली दिल्ली की तस्वीर, बहानेबाजी की राजनीति से मिली मुक्ति

नई दिल्ली: दिल्ली की नई रेखा गुप्ता सरकार के सत्ता में सौ दिन पूरे होने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपने-अपने दावे पेश किए हैं। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया है कि रेखा गुप्ता सरकार अपने कार्यकाल के पहले सौ दिनों में ही ‘जनता के लिए काम करने वाली सरकार’ की छवि पेश करने में सफल रही है। जनता को पिछले दस वर्षों की केवल आरोप लगाने और झूठ बोलने की गंदी राजनीति से मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि सौ दिन किसी सरकार के कार्यकाल के लिहाज से बहुत अधिक नहीं होता, लेकिन इस अल्प अवधि में ही सरकार ने हर वर्ग की समस्याओं को दूर करने की कोशिश की है। वहीं, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने सरकार पर अहम मोर्चों पर असफल होने का आरोप लगाया है।
वीरेंद्र सचदेवा ने गुरुवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि दिल्ली की जनता ने केजरीवाल सरकार के 10 साल के कुशासन के बाद उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंका और दिल्ली के विकास की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपी। इसके बाद बनी रेखा गुप्ता सरकार ने अपने सौ दिनों में ही जनता को यह विश्वास दिला दिया है कि यह सरकार उनके लिए काम करने के लिए बनी है। यह सरकार उनकी उन उम्मीदों पर खरी उतरेगी जिनकी उन्हें उम्मीद है।
रेखा गुप्ता सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि अब तक केजरीवाल अपनी हर विफलता को छुपाने के लिए कभी केन्द्र सरकार और कभी भाजपा पर आरोप लगाते थे, अधिकारियों पर आरोप लगाते थे, लेकिन रेखा गुप्ता सरकार ने आरोपों की राजनीति को पीछे छोड़ते हुए केवल जनता के लिए काम करने को अपना मूलमंत्र बनाया है।
सौ दिन में किए ये बड़े काम
सचदेवा ने कहा कि पहले सौ दिनों में ही गरीबों-बुजुर्गों के लिए आयुष्मान भारत कार्ड जारी कर दिए गए हैं। दिल्ली के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये का बजट बनाया गया है। दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या यमुना की गंदगी रही है, लेकिन सरकार ने यमुना में गिरने वाले नालों पर एसटीपी बनाने का काम शुरू कर दिया है।
इसके अलावा 400 देवी बसें चलाई गई हैं। दिल्ली जल बोर्ड के टैंकरों में जीपीएस लगा कर झुग्गी क्लस्टर में जल व्यवस्था सुधारी गई है। समर एक्शन प्लान लाकर पूरी दिल्ली की जल सप्लाई में भी सुधार लाया गया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का विकास शुरू कर दिया गया है ,यहां लोगों को दवा के साथ सभी स्वास्थ्य जांच एवं एक्स-रे की सुविधा मुफ्त मिलेगी। दिल्ली की सड़कों पर परिवर्तन साफ दिख रहा है। महिला सम्मान राशि पर नीतिगत निर्णय हो गया है। सरकार द्वारा लाये दिल्ली शिक्षा एक्ट से अभिभावकों की उम्मीद बढ़ी है।