सरकारी कर्मचारियों के लिए आई ये बड़ी खबर , अब सप्ताह में इतने दिन करना होगा काम

छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों ( Government Employee ) को अब महीने के सभी शनिवार को छुट्टी मिलेगी। महानदी भवन मंत्रालय से बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इसका आदेश जारी कर दिया।

संयुक्त सचिव संजय अग्रवाल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अब सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक कार्य का समय तय किया गया है। वहीं भोजन अवकाश पहले की ही तरह रहेगा। कर्मचारियों को अब हर दिन सिर्फ आधे घंटे अतिरिक्त काम करना होगा। सीएम की घोषणा के बाद जीएडी ने यह आदेश जारी किया है।

बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणतंत्र दिवस के मौके पर बस्तर के जगदलपुर में सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उत्पादकता बढ़ाने बड़ी घोषणा की थी। पांच कार्य दिवस प्रणाली लागू करने के साथ प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों की बल्ले बल्ले हो गई है। सीएम की घोषणा के सप्ताहभर के भीतर ही इस पर अमल कर दिया गया। इस संबंध में आज अधिसूचना जारी कर इस प्रणाली को लागू कर दिया गया। सीएम की इस घोषणा का कर्मचारी संगठनों ने स्वागत किया था। विगत दिनों मंत्रालयीन कर्मचारी संघ सहित विभिन्न संघों ने सीएम का आभार भी जताया था। इधर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को दो दिन छुट्टी रहने से आर्थिक नुकसान उठाना पडे़गा।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार राज्य शासन द्वारा शासकीय कर्मचारियों को माह के दूसरे व तीसरे शनिवार को अवकाश दिया जा रहा था। अब प्रदेश में शनिवार व रविवार को भी शासकीय अवकाश रहेगा। अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य के मंत्रालय एवं विभागाध्यक्ष कार्यालयों तथा समस्त मैदानी कार्यालयों के लिए कार्य का समय सुबह 10 बजे से शाम 5.30 तक रहेगा।

सप्ताह में कार्यदिवस कम करने को लेकर सरकार का मानना है कि इससे कार्यक्षमता में वृद्धि के साथ ही उत्पादकता भी बढ़ेगी। सप्ताह में दो दिनों का अवकाश होने से कर्मचारियों का मानसिक तनाव भी कम होगा और कार्य बेहतर तरीके से हो सकेगा। पूर्व में सरकारी कर्मचारियों को माह के दूसरे व तीसरे शनिवार को अवकाश दिया जाता था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही प्रतिमाह शासकीय कर्मियों को 8 छुट्टियां निश्चित रूप से मिलेगी।

Related Articles

Back to top button