भोजपुर में बिना अनुमति बनाया जा रहा धार्मिक स्थल ध्वस्त किया, चप्पे-चप्पे पर तैनात रही फोर्स

सहारनपुर:चिलकाना के गांव भोजपुर तगा में अवैध रूप से बनाए जा रहे धार्मिक स्थल को जिला प्रशासन एवं पुलिस ने जिला पंचायत के आदेश पर बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। मौके पर एसडीएम सदर, एएसपी, आरआरएफ, पीएसी सहित जिले के कई थानों की पुलिस मौजूद रही। ग्रामीणों ने ध्वस्तीकरण का विरोध नहीं किया। गांव में चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात रही।
भोजपुर तगा के इस्तखार, नदीम और एहतेशाम पुत्रगण मुख्तार गांव के बाहरी छोर पर अपनी भूमि पर मस्जिद का निर्माण कर रहे थे। सूचना पुलिस को मिली तो तत्कालीन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे और निर्माण कार्य बंद करा दिया था। निर्माण की जानकारी जिला प्रशासन तथा जिला पंचायत को भी दे दी गई थी।
जिला पंचायत के अवर अभियंता आदेश कुमार ने बताया कि निर्माणकर्ताओं को जिला पंचायत द्वारा सात मई को बिना अनुमति धार्मिक स्थल बनाने का नोटिस किया गया था। निर्माणकर्ताओं ने जिला पंचायत को निर्माण न करने पर अपनी सहमति दे दी थी। इसके बावजूद यह लोग गुपचुप तरीके से धार्मिक स्थल का निर्माण कर रहे थे। लिंटर डाले जाने की तैयारी की जा रही थी।
बृहस्पतिवार को अचानक गांव में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गईं। गांव में जगह-जगह पुलिस नजर आने लगी। दोपहर करीब 12 बजे एसडीएम सदर सुबोध कुमार, एएसपी मनोज यादव, जिला पंचायत के जेई आदेश कुमार सहित अनेक अधिकारी तीन बुलडोजर लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों के आदेश पर निर्माणाधीन धार्मिक स्थल को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई, जो कि करीब डेढ़ घंटा तक चली।
एसडीएम सदर सुबोध कुमार ने बताया कि बिना अनुमति निर्माण करने पर पुलिस प्रशासन द्वारा 107/16 की कार्रवाई की गई थी। उसके बावजूद निर्माण जारी था। उसी के बाद यह कार्रवाई की गई है। एएसपी मनोज कुमार यादव ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में आरआरएफ, पीएसी सहित थाना मंडी, थाना कोतवाली देहात, थाना सरसावा, थाना चिलकाना पुलिस तैनात की गई थी। ध्वस्तीकरण का कार्य शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।