इस्राइल हवाई हमलों 15 फलस्तीनियों की मौत; मदद का इंतजार कर रहे 20 अन्य लोगों की भी गई जान

इस्राइली हवाई हमलों में शुक्रवार तड़के गाजा में 15 फलस्तीनी मारे गए, जबकि मदद का इंतजार कर रहे लोगों पर हुई गोलीबारी में 20 अन्य लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी उस अस्पताल की शवगृह से मिली जिसने उनके शवों को प्राप्त किया। एसोसिएटेड प्रेस ने यह जानकारी दी।
नासिर अस्पताल के मुताबिक, इस्राइली हवाई हमलों में 15 लोग मारे गए, जिनमें आठ महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं, जबकि मदद का इंतजार कर रहे 20 अन्य लोग गोलीबारी में मारे गए। इनमें से दो की मौत रफा में मदद वितरण केंद्रों के पास हुई और 18 लोग दक्षिणी गाजा में अन्य स्थानों पर ट्रकों से राहत सामग्री का इंतजार करते हुए मारे गए। यह हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब 21 महीने से जारी संघर्ष को रोकने की कोशिशें की जा रही हैं। हमास ने शुक्रवार को कहा कि वह मिस्र और कतर के मध्यस्थों की ओर से पेश किए एक युद्धविराम प्रस्ताव पर अन्य फलस्तीनी गुटों के नेताओं के साथ बातचीत कर रहा है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि इस्राइल गाजा में 60 दिनों के युद्धविराम की शर्तों पर सहमत हो गया है। उन्होंने हमास से आग्रह किया था कि वह हालात और बिगड़ने से पहले समझौते को स्वीकार करे। हमास ने अपने बयान में कहा कि बातचीत समाप्त होने के बाद वह मध्यस्थों को अंतिम जवाब देगा।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि गाजा में अब तक मारे गए फलस्तीनियों की संख्या 57,000 से अधिक हो चुकी है। मंत्रालय अपने आंकड़ों में आम नागरिक और लड़ाकों में फर्क नहीं करता। उसका कहना है कि मरने वालों में से आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे हैं। यह युद्ध तब शुरू हुआ, जब हमास ने अक्तूबर 2023 में दक्षिण इस्राइल पर हमला किया, जिसमें 1,200 लोगों की मौत हुई और लगभग 250 लोगों को बंधक बना लिया गया।