अखिलेश यादव के साथ ओम प्रकाश राजभर, शिवपाल को लगा बड़ा झटका

यूपी विधानसभा चुनाव में बड़ी पार्टियों को चुनौती देने के लिए बना भागीदारी संकल्प मोर्चा क्या बिखर गया है? इस सवाल का जवाब आज मऊ में होने वाली सुभासपा की महापंचायत से मिल जाएगा।
महापंचायत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी मंच साझा करेंगे औऱ पहली बार ओम प्रकाश राजभर के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई देंगे। जबकि राजभर के साथ मोर्चा का गठन करने वाले एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी मौजूद नहीं रहेंगे। ओवैसी या उनकी पार्टी को इस महापंचायत में निमंत्रण ही नहीं दिया गया है।
पूर्व सीएम व समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव महापंचायत में आमप्रकाश राजभर के मंच से सपा और सुभासपा में गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19 वें स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह 10 बजे ढोलबन हलधरपुर के मैदान पर आयोजित होने वाली महापंचायत की काफी तैयारियां की गई हैं।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि रैली भाजपा के ताबूत की आखिरी कील साबित होगी। हमने समाजवादी पार्टी से हाथ मिलाया है और 27 अक्टूबर को यह सब को आभास हो जाएगा। राजभर ने कहा कि महापंचायत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में सुभासपा, भागीदारी संकल्प मोर्चा के घटक दल और सपा मिलकर चुनाव लड़ेंगे।