35 साल पहले महेंद्र से बना था अब्दुल… मुस्लिम लड़कियों से की थी शादी; भाई के कत्ल के बाद कभी वापस न आया

आगरा:  आगरा पुलिस टीम ने धर्मांतरण गिरोह के सरगना अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्रपाल जादौन को सोमवार को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्र उर्फ पप्पू 35 साल पहले अपने परिवार के साथ थाना रजावली के गांव रामगढ़ में रहता था। उसने व उसके भाई ने मुस्लिम लड़कियों से मुंबई में शादी की थी। सोमवार को उसे लेकर पुलिस टीम उसके गांव पहुंची थी। पुलिस टीम ने कई पहलुओं पर ग्रामीणों से पूछताछ भी की है।

रजावली के गांव रामगढ़ निवासी अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्रपाल अपने पिता प्रेमपाल सिंह, भाई भूरा और देवेंद्र खेती किया करते थे। पिता के नाम करीब 60 बीघा से अधिक खेती थी। लेकिन कुछ गलत आदतों के चलते खेत बेच दिया गया था।

ग्रामीणों के अनुसार, अब्दुल उर्फ महेंद्र और उसके भाई भूरा ने मुस्लिम लड़कियों से शादी की थी। महेंद्र के भाई भूरा की जमीन के विवाद की रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पूरा परिवार मकान बेचकर गांव छोड़कर चला गया था।

गांव छोड़ने के बाद मुंबई चला गया था पूरा परिवार
ग्रामीणों का कहना था कि उसने धर्मांतरण कब किया इसकी जानकारी किसी को नहीं है। गांव छोड़ने के बाद पूरा परिवार मुंबई चला गया था। पुलिस टीम अब्दुल उर्फ महेंद्र की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को गांव रामगढ़ लाई।

मुस्लिम समाज की युवती से कर लिया था निकाह
पूछताछ के बाद पुलिस उसे वापस लेकर चली गई। थाना प्रभारी ब्रजकिशोर सिंह का कहना है कि जानकारी करने पर ग्रामीणों ने बताया है कि गांव छोड़ने के बाद आरोपी कन्नौज अपनी ननिहाल में रहा था, इसके बाद वह मुंबई चला गया था, जहां उसने मुस्लिम समाज की युवती से निकाह कर लिया था।

धर्मांतरण का मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान गिरफ्तार
आगरा से जुड़े धर्मांतरण के मामले में आगरा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रविवार देर रात आगरा पुलिस ने आईबी की सूचना पर दिल्ली के ओल्ड मुस्तफाबाद इलाके में एक मकान पर छापा मारकर मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया है।

सूत्रों की मानें तो आरोपी पहले से जेल में सजा काट रहे मौलाना कलीम सिद्दीकी का खास चेला है। अब्दुल रहमान के साथ ही पुलिस ने उसके बेटे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो इनके घर से हरियाणा की रहने वाली एक युवती भी मिली है।

अब्दुल रहमान के घर से काफी मात्रा में धार्मिक सामग्री बरामद
उसका ब्रेनवॉश कर दिल्ली में ही धर्मांतरण कराया गया। टीम उसको भी अपने साथ आगरा ले गई है। देर रात हुए ऑपरेशन के दौरान लोकल पुलिस को खबर नहीं दी गई। सूत्रों के मुताबिक, गुपचुप तरीके से किए गए ऑपरेशन के दौरान अब्दुल रहमान के घर से काफी मात्रा में धार्मिक सामग्री बरामद हुई है।

Related Articles

Back to top button