यूपी में 25 मार्च को होगा योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह, कल लखनऊ पहुंचेंगे अमित शाह

यूपी में 25 मार्च को योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह होना है। इसके पहले कल यानी 23 मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचेंगे। उनकी मौजूदगी में ही कल भाजपा विधायक दल के नेता का ऐलान होना है।
इसके लिए योगी आदित्यनाथ का नाम पहले से तय है लेकिन कल पार्टी के सभी विधायकों की मौजूदगी में इस पर औपचारिक मुहर लगाई जाएगी।
पार्टी ने सभी विधायकों को कल लखनऊ बुलाया है। 24 मार्च से राजधानी में शपथ ग्रहण समारोह के लिए कार्यकर्ताओं की जुटान शुरू हो जाएगी। योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में यूपी में लगातार दूसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने जा रही भाजपा ने इस बार शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की हैं। इसके लिए कार्यकर्ताओं को बकायदा 12 सूत्री दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि शपथ ग्रहण समारोह वाले दिने कार्यकर्ता पूरे राज्य में पूजा-पाठ करें। समारोह में आने वाले कार्यकर्ताओं से अपनी गाड़ियों में पार्टी का झंडा लगाकर आने को कहा गया है।
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा की जीत प्रचंड बहुमत से हुई है। भाजपा गठबंधन ने कुल 273 सीटें पाई हैं।। इनमें से 255 सीटें अकेले भाजपा ने जीती हैं। अपना दल (सोनेलाल पटेल) को 12 सीटें, निषाद पार्टी को छह सीटें मिली हैं। वहीं सपा गठबंधन ने 125 सीटें जीती हैं। इनमें से सपा को 11, राष्ट्रीय लोकदल को आठ और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को छह सीटें मिली हैं। बसपा को सिर्फ एक सीट पर संतोष करना पड़ा है। कांग्रेस को दो सीटें और अन्य के खाते में दो सीटें गई हैं।