सीएम योगी की अगुवाई में निकलने वाली है होलिका दहन शोभायात्रा , जाने पूरी खबर

जीत का रंग सबसे चटक होता है। रंगों के त्योहार होली पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकलने वाली होलिका दहन शोभायात्रा एवं भगवान नरसिंह शोभायात्रा में में इस बार चुनाव में हासिल प्रचंड बहुमत का रंग चहुंओर बरसेगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और श्री होलिकोत्सव समिति महानगर परंपरागत रूप से निकाली जाने वाली भगवान नरसिंह की शोभायात्रा 19 मार्च को सुबह 8.30 बजे घंटाघर से निकलेगी। अबीर-गुलाल और रंगों के बीच शोभा यात्रा को घंटाघर में सीएम योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। उसके बाद ध्वज प्रणाम और प्रार्थना होगी। संघ के प्रांत प्रचारक सुभाष जी, गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान नरसिंह की महाआरती कर शोभायात्रा के रथ पर सवार होंगे। रंग गुलाल खेलते हुए शोभा यात्रा का प्रस्थान होगा। सामाजिक समरसता व पारस्परिक सदभाव को सुदृढ़ करते इस आयोजन के लिए इस बार लोगों में गजब का उत्साह है।
श्री होलिकोत्सव समिति महानगर के अध्यक्ष इंजीनियर अरुण प्रकाश मल्ल, समिति के मंत्री मनोज जालान कहते हैं कि भगवान नरसिंह की शोभायात्रा भाजपा की जीत के उल्लास की भी यात्रा होगी। शोभा यात्रा घंटाघर से निकल कर मदरसा चौक, लालडिग्गी, मिर्जापुर, घासी कटरा, जाफरा बाजार, चरण लाल चौक, आर्यनगर, बक्शीपुर, नखास चौक, रेती चौक होते हुए घंटाघर लौट कर विसर्जित हो जाएगी। शोभायात्रा में नशा कर शामिल होना प्रतिबंधित है। इसके अलावा नीला और काला रंग इस्तेमाल करना प्रतिबंधित है।