कांग्रेस नेता मेवाणी का आरोप- अमेरिकी दबाव के कारण हुआ संघर्ष विराम, शर्तें बताए सरकार

नई दिल्ली:  कांग्रेस नेता जिग्नेश मेवाणी ने शनिवार को ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संघर्ष विराम ताकत की वजह से नहीं, बल्कि अमेरिकी दबाव के कारण हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि संघर्ष विराम की शर्तें क्या थीं।

मेवाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिकी प्रभाव में पीछे हटने का आरोप लगाया। उन्होंने पूछा कि शेष आतंकवादी क्यों नहीं पकड़े गए। मेवाणी ने कहा, ‘सरकार ने एक महीना पहले ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया और दावा किया कि उन्होंने एक आतंकवादी को पकड़ा है। प्रधानमंत्री 56 इंच के सीने का दावा करते हैं, और कहते हैं कि भारत विश्व गुरु है। हमारी रगों में सिंदूर बहता है। तो फिर बाकी चार आतंकवादी अब तक क्यों नहीं पकड़े गए? पीएम मोदी देश को यह क्यों नहीं बताते कि संघर्ष विराम किन शर्तों पर हुआ?’

आरोप- अमेरिका के दखल के बाद पीछे हटी हमारी सरकार
कांग्रेस नेता मेवाणी ने यह भी आरोप लगाया कि एक समय ऐसा भी था, जब भारत मजबूत स्थिति में था। लेकिन फिर अमेरिका ने दखल दिया। उसने पाकिस्तान पर दबाव डाला और हमारी सरकार पीछे हट गई। उन्होंने पूछा कि संघर्ष विराम क्यों हुआ? उसकी शर्तें क्या थीं? कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम मोदी को लोगों को यह बताना चाहिए।

PM मोदी को चार आतंकवादियों को पकड़ने की दी चुनौती
कांग्रेस नेता मेवाणी ने प्रधानमंत्री मोदी को सीधे चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी को चुनौती देता हूं कि वह घर-घर जाकर सिंदूर बांटने के बजाय, 15 अगस्त से पहले बाकी चार आतंकवादियों को पकड़ें।

विदेशी प्रभाव की आलोचना की
कांग्रेस नेता मेवाणी ने विदेशी प्रभाव की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस पूरे मामले पर लगातार बयान दे रहा है। अमेरिका ने दावा किया है कि अगर उन्होंने इसके लिए कहा होता तो व्यापार बंद हो जाता। ये आधिकारिक बयान हैं। उन्होंने पूछा कि अमेरिका के बार-बार दावे के बाद भी भारत चुप क्यों है? भारत और पाकिस्तान के बीच मामले में अमेरिका शर्तें क्यों तय कर रहा है?

Related Articles

Back to top button