सीएम योगी बोले- राम पर आस्था रखने वाले विकास कर सकते हैं, आतंकियों के मुकदमे वापस लेने वाले नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतापुर के नैमिषराण्य में अपने भाषण की शुरुआत रामचरितमानस की पंक्तियों के साथ की है। उन्होंने कहा कि तीर्थवर नैमिष विख्याता…. मैं नैमिष की इस पवित्र धरा को प्रणाम करता हूं। वह मंगलवार को चुनाव प्रचार के सिलसिले में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज मुझे एक बार फिर भारत के वैदिक ज्ञान की परंपरा को प्रदान करने वाली पावन धरा… मां ललिता की इस दैवीय शक्ति वाली धरा में आने का सौभाग्य मिला। यह नैमिष का ही महत्व है कि आज दुनिया जनपद सीतापुर और उत्तर प्रदेश की ओर देख रही है।

जब भी कोई राम के अस्तित्व को नकारने का काम करता है तो नैमिषारण्य की धरती प्रमाण के साथ खड़ी होती है। भगवान राम के अस्तित्व, कृष्ण के अस्तित्व को चुनौती देना एक फैशन सा बन गया है। इसके बारे में यही कहूंगा विनाशकाले विपरीत बुद्धि। जब किसी की बुद्धि भ्रष्ट होती है तो वह आपके सनातन धर्म को अपशब्द कहता है। यहां प्रभु श्रीराम की सत्ता को चुनौती देने वाले कहां ठहर पाएंगे। बीते 10 साल में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। जैसे एक नई अयोध्या तैयार हो गई है, ऐसे ही एक नया नैमिषारण्य बनकर तैयार हो रहा है।

मां ललिता के धाम के पुनरुद्धार के लिए सरकार कार्य कर रही है
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिस दिन नया नैमिषारण्य पूरी तरह उभर कर आएगा, रोजगार भी सृजित होगा। यह काम वही कर सकता है जो राम पर आस्था रखता हो। जो राम भक्त है। यह काम भाजपा ही कर सकती है। यह वो नहीं कर सकते जो आतंकवादियों के मुकदमे वापस लेते हैं।

आज तीसरे चरण में फिर से मतदान हो रहा है। यह 400 पार करने का लक्ष्य नजदीक आ गया है। अबकी बार मोदी सरकार फिर आएगी। 400 का लक्ष्य भी पूरा होगा। आज की पीढ़ी सौभाग्यशाली है, जिसने बदलते भारत को देखा है। आज की पीढ़ी कह सकती है कि हमने वो काल देखा है जब प्रभु श्रीराम अयोध्या में विराजमान हुए। आतंकवाद को नेस्तनाबूत करके हमेशा के लिए राम नाम सत्य कर दिया। हमने वो भारत देखा है जब हाईवे, एक्सप्रेस वे, ट्रिपल आईटी से लेकर हर घर जल की योजना लागू हो रही है। 80 करोड़ लोग राशन की सुविधा का फ्री में लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

अब तक 12 करोड़ लोगों को शौचालय दिए जा चुके हैं। 12 करोड़ लोगों को किसान सम्मान निधि प्राप्त हो रही है। सीतापुर जिले को सर्वाधिक गैस सिलेंडर व शौचालय दिए गए। जिनके घर मे सिलेंडर नहीं हैं। चुनाव के बाद उन्हें मिलेगा। जिसको घर नहीं मिल पाया है चुनाव बाद घर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button