केंद्रीय मंत्री का सिद्धारमैया पर हमला, कहा- कांग्रेस सरकार तानाशाह से भी बदतर काम कर रही

बंगलूरू: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोमवार को कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया पर हमला बोला। उन्होंने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार किसी तानाशाह से भी बदतर तरीके से काम कर रही है।
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने राज्य की भाजपा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कर्नाटक सरकार ने आरोप लगाया है कि भाजपा “राज्य सरकार की दो साल की विफलता के बारे में आरोप पत्र” शीर्षक से दुष्प्रचार करके झूठ फैला रही है। भाजपा ने सरकार के इस कदम को कर्नाटक में आपातकाल के दूसरे अध्याय की शुरुआत करार दिया।
एक्स पर एक पोस्ट में जोशी ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार समाचार चैनल के एंकरों को डराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सत्तारूढ़ कांग्रेस से पूछा कि अपनी विफलता, भ्रष्टाचार और कर्नाटक की अर्थव्यवस्था और राजनीति को हुए नुकसान के बारे में बात करने से उसे डर क्यों लगता है? एक सवाल मुझे परेशान कर रहा है कि क्या कर्नाटक हिटलर के समय की तरह तानाशाही में बदल गया है? उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों का पालन करने का दावा करने वाली कांग्रेस सरकार किसी भी तानाशाह से भी बदतर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि क्या लोगों की आवाज दबाना संविधान का हिस्सा है सिद्धारमैया? आप और डीके शिवकुमार आलोचना से इतना डरते क्यों हैं? ऐसा लगता है कि आप बस सत्ता से चिपके रहने की कोशिश कर रहे हैं सिद्धारमैया। हम आपकी हताशा देख सकते हैं। लेकिन कर्नाटक कभी भी इस तानाशाही जैसे रवैये या मुगल-शैली के शासन को स्वीकार नहीं करेगा।