नहीं रुक रहे महिलाओं के आंसू, सिसक रहे बच्चे, पूछ रहे- चाचा, पापा और दादा कब आएंगे

जाैनपुर: जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड को लेकर दो दिन बाद भी चर्चाएं होती रहीं। भुक्तभोगी परिवार को सांत्वना देने के लिए राजनीतिक पार्टियों के लोग पहुंच रहे हैं। वहीं, गांव छावनी में तब्दील है। इधर-उधर पुलिस टीम की टुकड़ियां बैठी रहीं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जफराबाद के मोहम्मदपुर कांध गांव पहुंचे। उन्होंने पिता व दो पुत्रों की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। मृतक लालजी की पत्नी प्रभावती व मृतक गुड्डू की पत्नी सरिता से उन्होंने घटना की सारी जानकारी ली।
उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई घटना में किसी तरह की सुनवाई व आरोपियों की गिरफ्तारी हुई होती तो तिहरा हत्याकांड नहीं होता। उन्होंने कानून व्यवस्था के मामले में सरकार को फेल बताया प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मौके पर मौजूद थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर फूलचंद पांडेय व शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा से घटना के संबंध में जानकारी ली। शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा ने अजय राय को बताया कि इसमें नामजद दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तीसरे पर 25 हजार का इनाम घोषित है। अजय राय ने कहा कि राज्य सरकार में जंगल राज कायम है। लगातार प्रदेश में लूट, हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं।
अपराध पर रोक लगाने का सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है। तिहरे हत्याकांड में गिरफ्तारियां पहले हुई होतीं तो ऐसी घटना न होती। यहां पर तनाव 2017-2018 से चल रहा है। इसमें प्रशासन की ढिलाई चल रही थी। इसमें विरोधी प्रशासन से मिलकर पहले ही पीड़ित के घर के एक लड़के को जेल भिजवा चुका है। कुल मिलाकर प्रशासन की तरफ से दबाव डालकर गलत कार्य किया गया।