4 राज्यों में कांग्रेस को मिले BJP से 10 लाख ज्यादा वोट, 40 फीसदी लोगों ने जताया भरोसा

पांच राज्यों के चुनावी परिणाम आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने बताया है कि उसे भाजपा के मुकाबले, 10 लाख ज्यादा वोट मिले हैं। भले ही मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा ने प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज कराई है। कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को यह आंकड़ा जारी करते हुए कहा, इसलिए लड़ाई लड़नी जरूरी है। इस देश ने 4 राज्यों में कांग्रेस को भाजपा से 10 लाख ज्यादा वोट दिए हैं। जिन राज्यों में भाजपा जीती, वहां भी कांग्रेस को औसतन 40 प्रतिशत से ऊपर लोगों ने अपना वोट दिया है।

चार राज्यों में मिले वोटों का आंकड़ा जारी करते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने अपने ट्वीट पर लिखा, चार राज्यों में कांग्रेस के वोट 4 करोड़ 90 लाख से ऊपर रहे हैं। वहीं भाजपा को 4 करोड़ 81 लाख से ऊपर मत मिले हैं। तेलंगाना कांग्रेस का वोट प्रतिशत 39.40 रहा है, जबकि भाजपा का प्रतिशत 13.90 रहा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का वोट प्रतिशत 42.23 रहा है। वहीं भाजपा का वोट प्रतिशत 46.27 है। राजस्थान में कांग्रेस का वोट प्रतिशत 39.53 है। भाजपा का वोट प्रतिशत 41.69 है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस का वोट प्रतिशत, 40.40 है, जबकि भाजपा का वोट प्रतिशत 48.55 रहा है। सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा, हार जीत चुनावी राजनीति का हिस्सा है, लेकिन इतने सारे लोगों के इस विश्वास के भी कुछ मायने हैं, आंकड़े तो यही बताते हैं।

मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को प्रचंड बहुमत हासिल हुआ है। कांग्रेस पार्टी को इन तीनों राज्यों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। करारी हार के बाद भी कांग्रेस पार्टी को 20 साल पहले वाले ‘चमत्कार’ पर भरोसा है। कांग्रेस को लगता है कि तीन राज्यों की हार उसके लिए ‘शुभ’ है। पार्टी नेता जयराम रमेश ने रविवार को अपने ट्वीट में साफ कर दिया है। उन्होंने लिखा, बीस साल पहले कांग्रेस पार्टी, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में चुनाव हार गई थी। इसके कुछ माह बाद ही लोकसभा चुनाव में, कांग्रेस पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। कांग्रेस ने तब केंद्र में सरकार बनाई थी। इस आशा, विश्वास, दृढ़ संकल्प और लचीलेपन की भावना के साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनावों के लिए तैयारी कर रही है। जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया।

Related Articles

Back to top button