लंदन की टिफिन सर्विस में दिखी मुंबई के डब्बेवालों जैसी व्यवस्था, आनंद महिंद्रा ने साझा किया वीडियो

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में डब्बावाला काफी मशहूर है। लंबे समय से मुंबई के विभिन्न इलाकों में खाना पहुंचाने का काम कर रहे ये अब इस शहर का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। इन डब्बेवालों के लिए महिंद्रा एंड महिंद्रा के संस्थापक आनंद महिंद्रा ने एक दिलचस्प वीडियो साझा किया। उनके पोस्ट में एक ट्विस्ट है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि लंदन की एक कंपनी डब्बे में खाना भरकर बेच रही है। वीडियो के साथ आनंद महिंद्रा ने इसे उल्टा साम्राज्यवाद बताया है।

वीडियो साझा करते हुए महिंद्रा एंड महिंद्रा के संस्थापक ने अपने पोस्ट में लिखा, “उल्टा साम्राज्यवाद का बेहतर और स्वादिष्ट सबूत और कुछ नहीं है।” उनके इस वीडियो में लंदन की एक कंपनी को मुंबई के डब्बेवालों की प्रणाली अपनाते हुए देखा गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग डब्बे में खाना भरकर उसे साइकिल जैसे वाहन में रखकर विभिन्न इलाकों में पहुंचा रहे हैं।

यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
बता दें कि इस वीडियो को 28 अप्रैल को शेयर किया गया था। वीडियो को पोस्ट करने के बाद से इसे चार लाख से ज्यादा दर्शकों ने देखा है। इस वीडियो पर नौ हजार लाइक्स और कई सारे कमेंट्स भी किए गए हैं।

इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने कहा, “डब्बावाला एक कारण से केस स्टडी बन गया है।” एक दूसरे यूजर ने लिखा, “मुंबई के डब्बेवालों का सिस्टम अलग है। वे विभिन्न लोगों के घर से उनके खाने का डब्बा उठाते हैं और उनके दफ्तरों तक पहुंचाते हैं। यह कुछ फुड डिलीवरी एप जैसा है, जहां एक ही खाना विभिन्न लोगों को पहुंचाया जाता है।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “पश्चिम के लोग अभी तक लंच बॉक्स के आदी नहीं हुए हैं।”

Related Articles

Back to top button