सोनम कपूर ने 12 इंच लंबे बालों का किया दान, पिता अनिल कपूर को कहा धन्यवाद

अभिनेत्री सोनम कपूर अक्सर सोशल मीडिया पर किसी ना किसी वजह से चर्चा में रहती हैं। इस बार एक्ट्रेस ने अपने बालों को कटवाया है और एक अनोखा कदम उठाते हुए उन बालों को दान किया, जिस कारण से उनकी तारीफ हो रही है। अभिनेत्री ने अपने लंबे बालों के लिए पिता अनिल कपूर का शुक्रिया अदा किया, जिसका वीडियो भी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया। आइए जानते हैं पूरी बात।

सोनम कपूर ने 12 इंच लंबे बालों का किया दान
सोमवार को सोनम कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्हें सैलून में अपने बालों को छोटा करवाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में उन्हें मुस्कुराते हुए देखा जा रहा है। इस पोस्ट को शेयर करते अभिनेत्री ने बताया, ‘मैंने अपने 12 इंच बाल कटवाए हैं। शायद वीडियो में यह छोटा लगे, लेकिन यह सच में एक फुट लंबा है।’ इसके साथ ही उन्होंंने कैप्शन में लिखा, ‘मैंने अपने बालों को 12 इंच छोटा करवाने और दान करने का निर्णय लिया है। इतने खूबसूरत जींस के लिए धन्यवाद अनिल कपूर।’

नेटिजंस दे रहे प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो के सामने आते ही नेटिजंस की ढेर सारी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, अभिनेत्री की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने कहा, ‘सोनम, आपका नया हेयरकट आप पर बिल्कुल शानदार लग रहा है।’ वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि बहुत ही सुंदर बाल। एक और यूजर ने बोला कि उन्होंने इतना बड़ा त्याग करते हुए अपना बाल दान किया, अति सराहनीय कार्य। इसके अलावा अन्य यूजर्स ने कहा कि वाह इतने लंबे बाल।

सोनम कपूर का वर्कफ्रंट
अभिनेत्री सोनम कपूर ने अपने करियर की शुरुआत साल 2007 में संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से की थी। इसके बाद उन्हें ‘दिल्ली-6’, ‘आई हेट लव स्टोरीज’ और ‘आयशा’ जैसी फिल्मों में देखा गया था। अभिनेत्री को आखिरी बार 2023 में आई फिल्म ‘ब्लाइंड’ में देखा गया था।

Related Articles

Back to top button